दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विशेष संवाददाता खूंटी, 21 जुलाई : जिला में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उपायुक्त आर. रॉनिटा के निदेशानुसार सोमवार को जीईएल इमानुएल स्कूल, खूंटी में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक ने छात्रों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन एवं सही उम्र में लाइसेंस प्राप्त करना हमारे जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस एवं एंबुलेंस हेल्पलाइन को सूचित करना चाहिए।
रोड इंजीनियरिंग एनालिस्ट ने साइनेज, रोड मार्किंग, सड़क सुरक्षा उपकरण एवं ओवरलोडिंग से होने वाली दुर्घटनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने जोर दिया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना चाहिए और ओवरटेक करते समय सतर्कता बरतनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।



