ईचागढ़ प्रखंड के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता व लिखित परीक्षा सम्पन्न

Manbhum Updates
2 Min Read

सरायकेला, 24 मार्च : गृह रक्षक नव नामांकन के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा कार्यक्रम के तहत मंगलवार को ईचागढ़ प्रखंड के अभ्यर्थियों की परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। यह परीक्षा 23 मार्च को महिला अभ्यर्थियों तथा 24 मार्च को पुरुष अभ्यर्थियों के लिए बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईचागढ़ प्रखंड से कुल 1535 अभ्यर्थियों (492 महिला एवं 1043 पुरुष) ने आवेदन किया था। इनमें 23 मार्च को आयोजित परीक्षा में 492 महिला अभ्यर्थियों में से 316 उपस्थित रहीं, जबकि 24 मार्च को आयोजित परीक्षा में 1043 पुरुष अभ्यर्थियों में से 645 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंतर्गत आयोजित दौड़ में 253 महिला एवं 87 पुरुष अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। परीक्षा के अगले चरणों में ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉट पुट एवं हिंदी लेखन परीक्षा आदि में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के आधार पर औपबंधिक अंक पत्र तैयार किया गया है।

यह अंक पत्र अभ्यर्थियों की जानकारी के लिए जिला की आधिकारिक वेबसाइट seraikela.nic.in पर अपलोड किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह औपबंधिक अंक पत्र केवल सूचना के उद्देश्य से जारी किया गया है। इसे अंतिम मेधा सूची नहीं माना जाएगा। अंतिम मेधा सूची परीक्षा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी प्रखंडों एवं श्रेणियों के लिए एक साथ प्रकाशित की जाएगी।

Share This Article