चांडिल, 25 मार्च : रामनवमी के शुभ अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रीराम सनातन समिति चांडिल अनुमंडल की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसकी जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष आकाश महतो ने बताया कि इस वर्ष शुक्रवार 27 मार्च को दोपहर 2 बजे से समिति द्वारा भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। समिति की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आकाश महतो ने बताया कि शोभायात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों के साथ हजारों की संख्या में रामभक्त नौजवान, महिलाएं एवं श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लेकर शामिल होंगे। मौके पर समिति के महामंत्री विमलेश मंडल ने बताया कि शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां भी शामिल रहेंगी, जो आयोजन की भव्यता प्रदान करेगी। वहीं, समिति के सचिव छोटू प्रमाणिक ने सभी सनातन धर्मावलंबियों से शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष सूरज मिश्रा, उपाध्यक्ष सजल कर्मकार, मंत्री राहुल नाग, मीडिया प्रभारी जगदीश पोद्दार, सोशल मीडिया प्रभारी उदित गुप्ता, शंभू मोदक, जयसूर्या, मल्लिकार्जुन दुबे सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।