खतरे के निशान से 1.44 मीटर ऊपर बह रही खरकई नदी, गंजिया बराज के 10 फाटक खुले

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदित्यपुर, 31 अगस्त : लगातार हो रही बारिश के बीच खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। आदित्यपुर पुल के पास नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1.44 मीटर ऊपर पहुंच गया है। जलस्तर में अभी भी बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है, जिससे नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष, आदित्यपुर की ओर से सोमवार दोपहर 12 बजे जारी दैनिक रिपोर्ट (मेमो संख्या 174) के अनुसार, खरकई ब्रिज आदित्यपुर में नदी का खतरे का स्तर 129.00 मीटर निर्धारित है। इसके मुकाबले वर्तमान जलस्तर 130.44 मीटर दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में नदी के जलस्तर का ट्रेंड ‘Rising’ बताया गया है।

इधर, लगातार बारिश के कारण गंजिया बराज में भी पानी का स्तर बढ़ रहा है। बराज में वर्तमान जलस्तर 135.80 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि इसका एफआरएल 143.70 मीटर है। बढ़ते जलदबाव को देखते हुए बराज के 10 फाटक पूरी तरह खोल दिए गए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक गंजिया बराज से फिलहाल 1853.02 क्यूमेक्स पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है।

नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को नदी के किनारे जाने से बचने और जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

Share This Article