नगर पंचायत बोर्ड की चौथी बैठक में जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम फैसले, सेप्टिक टैंक सफाई शुल्क भी आधा
सरायकेला, 31 अगस्त : शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। शादी-विवाह, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए नगर पंचायत का टाउन हॉल अब पहले की तुलना में कम खर्च में बुक किया जा सकेगा। नगर पंचायत बोर्ड ने टाउन हॉल का किराया 55 हजार रुपये से घटाकर 40 हजार रुपये करने का निर्णय लिया है। नई दर लागू होने से आम और मध्यमवर्गीय परिवारों को कार्यक्रमों के आयोजन में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत सरायकेला की चौथी बोर्ड बैठक में शहर की नागरिक सुविधाओं और विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई। वार्ड पार्षदों की ओर से रखे गए विभिन्न सुझावों पर विचार करते हुए बोर्ड ने कई प्रस्तावों को मंजूरी दी।
टाउन हॉल के अलावा सामुदायिक भवन और नगर पंचायत के अन्य भवनों के किराये में भी कमी कर नई दरें निर्धारित की गई हैं। बोर्ड का कहना है कि नगर पंचायत की सुविधाएं आम लोगों को उचित दर पर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
सेप्टिक टैंक सफाई का शुल्क भी आधा
बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। नगर पंचायत द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेप्टिक टैंक सफाई मशीन/वाहन का शुल्क 6 हजार रुपये से घटाकर 3 हजार रुपये कर दिया गया है। इससे घरों और संस्थानों को सेप्टिक टैंक की सफाई कराने में कम खर्च आएगा।
चापाकलों की होगी नंबरिंग, मरम्मत अभियान तेज
नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सभी चापाकलों की पहली बार नंबरिंग कराई जा रही है। खराब चापाकलों की पहचान के बाद उनकी मरम्मत का काम भी तेज किया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष के अनुसार, वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
टशहर में लगेंगी 800 नई स्ट्रीट लाइ
सरायकेला के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में रोशनी की व्यवस्था मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से 800 स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराई गई हैं। इन्हें आवश्यकता के अनुसार शहर के अलग-अलग इलाकों में लगाया जाएगा। इससे अंधेरे वाले क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य नगर पंचायत की सुविधाओं को हर वर्ग तक आसान और उचित दर पर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और मानव बल के बावजूद पारदर्शी व्यवस्था, बेहतर नागरिक सुविधाएं और सभी वार्डों का समान विकास सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने शहरवासियों से भी नगर पंचायत के अभियान में सहयोग करने की अपील की। अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छ और विकसित सरायकेला केवल नगर पंचायत के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से तैयार होगा। लोगों से पानी की बर्बादी रोकने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और जरूरत के समय एक-दूसरे की मदद करने की अपील की गई।
बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद उत्तम मोहंती, विक्रम मोदक, ज्योति साहू, सुषमा तिउ, गौतम नायक, बबीता कमिला, सविता पटनायक, वरुण साहू और शांति गोडसेरा समेत अन्य वार्ड पार्षद मौजूद रहे। इसके अलावा कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, देवाशीष प्रधान, संबंधित अभियंता एवं नगर पंचायत के कर्मचारी भी बैठक में उपस्थित थे।