चांडिल, 11 अप्रैल : चांडिल स्थित नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर के तत्वावधान में 13 अप्रैल को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला गांगूडीह फुटबॉल मैदान में सुबह 10:30 से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा सैकड़ों पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इस संबंध में नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, उनकी छायाप्रति, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, स्थानीय प्रमाण पत्र एवं बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित हों।
पहले से नियोजनालय में निबंधित अभ्यर्थियों को पुनः निबंधन कराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि अभ्यार्थियों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष के बीच रखी गई है, जबकि वेतनमान पद एवं कंपनी के अनुसार 10 हजार से 23 हजार रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित किया गया है। अभ्यार्थियों की योग्यताओं में 8वीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, ग्रेजुएशन और तकनीकी डिग्रीधारक अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। वहीं, यह भी स्पष्ट किया कि यह भर्ती पूरी तरह निशुल्क है तथा चयन प्रक्रिया में नियोजनालय की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं होगी।
रोजगार मेला में ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, रेनोविजन एक्सपोर्ट्स, जमना ऑटो, पूर्णिमा नेत्रालय, नरसिंह इस्पात लिमिटेड, कोल्हान माइंस एंड मिनरल्स, बजरंग इंडस्ट्रियल सिक्योरिटीज, युवा शक्ति फाउंडेशन, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज, यूनिक सॉल्यूशन, जीस फाउंडेशन, अथर्व ऑटोमोबाइल (अशोक लेलैंड), नारायण प्राइवेट आईटीआई तथा एलआईसी ऑफ इंडिया सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान भाग लेंगे। मेले में कलेक्शन एंड क्रेडिट कंट्रोल, स्टाफ नर्स, मशीन ऑपरेटर, अप्रेंटिस, ओपीडी असिस्टेंट, आईटीआई फिटर, लैब असिस्टेंट, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, एनएटीएस ट्रेनी, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इंस्ट्रक्टर, एजेंट सहित विभिन्न पदों के लिए कुल सैकड़ों रिक्तियां उपलब्ध हैं।