मतदाता सूची के दस्तावेजों के सत्यापन के लिए टीम गठित, 22-23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर
जमशेदपुर, 21 अगस्त: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत दावा एवं आपत्ति के दौरान प्राप्त दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने टीम गठित की है। दस्तावेजों के सत्यापन के लिए 22 और 23 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारियों को प्राप्त दस्तावेजों के व्यवस्थित, निष्पक्ष और सावधानीपूर्वक सत्यापन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कार्यालय स्तर पर गठित टीमों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जानकारी भी साझा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सत्यापन कार्य पूरा करने तथा मतदाताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दावा एवं आपत्ति की जांच पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ की जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदाताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों का निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों के अनुरूप सत्यापन किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल दस्तावेजी प्रक्रिया में कमी के कारण प्रभावित न हो। सत्यापन कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने और आवश्यक अभिलेखों का उचित संधारण करने का भी निर्देश दिया गया।
किसी प्रकार की शंका या कठिनाई उत्पन्न होने पर संबंधित वरीय पदाधिकारी से मार्गदर्शन लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं और निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सहभागी बनाने में सहयोग करें।
बैठक में पुलिस, अभियांत्रिकी, शिक्षा, नगर निकाय, प्रखंड एवं अंचल सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।




