किसी की पेंशन, किसी का राशन तो कहीं जमीन का विवाद… उपायुक्त ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को दिया त्वरित समाधान के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

किसी की पेंशन, किसी का राशन तो कहीं जमीन का विवाद… उपायुक्त ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को दिया त्वरित समाधान के निर्देश

जमशेदपुर, 21 अगस्त : समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जन शिकायत निवारण दिवस में राशन कार्ड, दुकान आवंटन, मंईयां सम्मान योजना, होमगार्ड बहाली, जमीन विवाद, आवास, जलजमाव, मुख्य सड़क एवं जमीन अतिक्रमण सहित विभिन्न मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ सार्वजनिक हित से जुड़े मुद्दों को भी उपायुक्त के समक्ष रखा।

इस दौरान एक दिव्यांग नागरिक ने ई-ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं, बीएलओ से संबंधित शिकायतों और मतदाता सूची से जुड़े मामलों को लेकर भी नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों को महज आवेदन मानकर लंबित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए उसके समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवेदकों को भी मामले की स्थिति से अवगत कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को नागरिकों के प्रति संवेदनशील रहते हुए समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से शिकायतों के निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

Share This Article