जवान बेटे की मौत से टूटा परिवार, न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
आदित्यपुर, 09 जून : चुना भट्टा के समीप हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत के बाद पीड़ित परिवार का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। आदित्यपुर-2 रायडीह बस्ती निवासी कन्हैया दास की मौत से गमगीन परिवार ने प्रशासन से तत्काल न्याय, दोषी चालक की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग करते हुए दो घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
परिजनों के अनुसार कन्हैया दास सोमवार को स्कूटी से दवा लेने के लिए निकला था। इसी दौरान चुना भट्टा के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर (संख्या JH05BG3553) ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कन्हैया को स्थानीय लोगों की मदद से टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मंगलवार को बड़ी संख्या में परिजन आदित्यपुर थाना पहुंचे और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि परिवार का युवा सहारा छिन गया है, ऐसे में केवल प्राथमिकी दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है। दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ-साथ पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा भी दिया जाना चाहिए।
परिजनों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के समय ट्रैक्टर में मौजूद एक मजदूर को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इसके बावजूद अब तक चालक की गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन जल्द ठोस कार्रवाई नहीं करता है तो वे शव को मुख्य सड़क पर रखकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और यातायात नियमों की अनदेखी लगातार जानलेवा साबित हो रही है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्त निगरानी और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है। वहीं पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।