कमल किशोर भगत की 57वीं जयंती पर आजसू पार्टी ने दी श्रद्धांजलि, आंदोलन में योगदान को किया याद

रांची, 1 अगस्त : झारखंड आंदोलनकारी और लोहरदगा के पूर्व विधायक स्वर्गीय कमल किशोर भगत की 57वीं जयंती पर आजसू पार्टी की ओर से पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने उनके संघर्ष, नेतृत्व और योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर वरीय उपाध्यक्ष बंटी यादव ने की, जबकि सभा में केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, महासचिव संजय मेहता, सहित कई नेता मौजूद रहे।
प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि कमल किशोर भगत न सिर्फ झारखंड आंदोलन के एक मजबूत स्तंभ थे, बल्कि जनता में भी बेहद लोकप्रिय नेता थे। उन्होंने बताया, “1995 के बाद जब आजसू पार्टी में बिखराव की स्थिति बनी, उस वक्त संगठन को एकजुट रखने में भगत जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे 1999 में तत्कालीन गृहमंत्री लालकृष्ण आडवाणी से बातचीत में भी शामिल रहे थे।”
उन्होंने आगे कहा, “आजसू कोई साधारण राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक आंदोलन से उपजा संगठन है, जिसकी जड़ें संघर्षों में हैं। हम सभी संकल्प लेते हैं कि कमल किशोर भगत के विचारों और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।”
सभा की शुरुआत में कमल किशोर भगत की प्रतिमा पर पुष्पांजलि व माल्यार्पण किया गया। केंद्रीय महासचिव संजय मेहता ने कहा कि भगत जी ने झारखंड राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाई थी और बतौर विधायक लोहरदगा की जनता के लिए सदैव संघर्षशील रहे।
वहीं, बंटी यादव ने कहा कि वे भगत जी के नेतृत्व और संघर्षों से प्रेरित होकर ही आजसू पार्टी से जुड़े।
कार्यक्रम में हरीश कुमार, बबलू महतो, रमेश गुप्ता, आशीष पाठक, पूतुल यादव, मनोज ठाकुर, संजय वर्मा, अभिषेक नायक, सौरव समीर, रवि कुमार सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।



