काली पूजा में लगी हैलोजन लाइटों की चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार – चोरी के उपकरण बरामद

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कोटशिला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी की निशानदेही पर पुलिस रिमांड के दौरान बरामद हुईं चोरी की लाइटें

पुरुलिया, 13 नवंबर : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोटशिला थाना पुलिस ने काली पूजा स्थल से हैलोजन लाइटों की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुई हैलोजन लाइटें भी बरामद कर ली हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बेगुनकोदर के चक्रवर्ती पाड़ा में काली पूजा के आयोजन के लिए बड़ी संख्या में हैलोजन लाइटें लगाई गई थीं। इसी दौरान 9 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने पूजा स्थल पर लगी कई हैलोजन लाइटों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद 10 नवंबर को लिखित शिकायत मिलने पर कोटशिला थाना पुलिस ने केस संख्या 101/26 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन बेगुनकोदर निवासी मिलन रुहिदास (पिता स्वर्गीय संतु रुहिदास) को गिरफ्तार कर लिया। 11 नवंबर को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को आगे की जांच के लिए तीन दिनों की रिमांड मिली।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ और उसके बयान के आधार पर 12 नवंबर को कोटशिला पुलिस ने चोरी हुई हैलोजन लाइटें बरामद कर लीं। बरामद उपकरणों को विधिवत जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया गया।

इस कार्रवाई को पुरुलिया पुलिस की अपराध विरोधी मुहिम में एक और सफलता के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Share This Article