कुकडू : गांव में हाथी की दस्तक, सुरक्षा के नाम पर ग्रामीणों के पास न टॉर्च, न पटाखे – राशन दुकान में मचाई तबाही

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

 

कुकड़ू हाटतोला में देर रात दो बजे जंगली हाथी ने तोड़ी दुकान की दीवार, एक-एक बोरी आटा, मैदा और चीनी चट कर गया – हाथियों की सूचना के बावजूद बेबस रहे ग्रामीण, वन विभाग से सुरक्षा और मुआवजे की मांग

 

कुकड़ू, 13 नवंबर : जंगल से निकलकर गांवों का रुख कर रहे जंगली हाथी अब ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी और आजीविका के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। हाथियों की आवाजाही से पहले ही दहशत में जी रहे ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि खतरे की सूचना मिलने के बावजूद उनके पास उससे निपटने के पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। इसकी ताजा बानगी कुकड़ू प्रखंड के हाटतोला में देखने को मिली, जहां गुरुवार की देर रात करीब दो बजे एक जंगली हाथी ने राशन दुकान को निशाना बनाते हुए जमकर उत्पात मचाया।

जानकारी के अनुसार, भोजन की तलाश में गांव पहुंचे हाथी ने लुबू कुमार की राशन दुकान की दीवार तोड़ दी और अंदर रखे खाद्य पदार्थों को तहस-नहस कर दिया। हाथी दुकान में रखी एक बोरी आटा, एक बोरी मैदा और एक बोरी चीनी खा गया। इतना ही नहीं, दुकान में रखे आलू भी चट कर गया। सुबह जब दुकानदार और ग्रामीणों ने दुकान की स्थिति देखी तो टूटी दीवार और बिखरे सामान से हाथी के उत्पात का अंदाजा लगा।

खतरे की सूचना थी, लेकिन हाथी भगाने के साधन नहीं

इस घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि ग्रामीणों को हाथी के गांव में पहुंचने की सूचना पहले ही मिल गई थी। इसके बावजूद वे उसे भगाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। वजह थी अंधेरा और संसाधनों का अभाव। ग्रामीणों के पास न पर्याप्त रोशनी के लिए टॉर्च थी और न ही हाथी को सुरक्षित तरीके से भगाने के लिए पटाखे। ऐसे में जान जोखिम में डालने के बजाय ग्रामीणों ने सुरक्षित दूरी बनाए रखना ही बेहतर समझा। गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति हाथी की चपेट में नहीं आया।

हाथियों के आतंक के बीच वन विभाग की तैयारी पर सवाल

हाटतोला की यह घटना वन विभाग की हाथी नियंत्रण एवं जनसुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े करती है। जब हाथियों की आवाजाही वाले इलाकों में ग्रामीणों को समय पर सूचना और जरूरी संसाधन ही उपलब्ध नहीं होंगे, तो वे अपनी सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेंगे? हाथियों का गांवों में प्रवेश, घरों और दुकानों को नुकसान तथा फसलों की बर्बादी अब ग्रामीणों के लिए लगातार बढ़ती परेशानी बनती जा रही है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से संवेदनशील गांवों में नियमित रात्रि गश्ती, हाथियों की गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की व्यवस्था तथा टॉर्च, पटाखे और अन्य जरूरी सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही प्रभावित दुकानदार को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के गांव में घुसने के बाद नुकसान का आकलन करने के बजाय वन विभाग को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे समय रहते लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। सवाल सिर्फ एक राशन दुकान की टूटी दीवार का नहीं, बल्कि उन गांवों की सुरक्षा का है, जहां हर रात हाथियों की दस्तक के साथ अनहोनी का डर भी दस्तक देता है।

Share This Article