सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में 165 विद्यार्थियों की ओरल स्क्रीनिंग, नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 12 सितंबर : एनआर+2 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में 11वीं और 12वीं कक्षा के 165 छात्र-छात्राओं की ओरल स्क्रीनिंग के लिए डेंटल हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को मौखिक स्वास्थ्य, दांतों की नियमित देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य टीम ने विद्यार्थियों को सही तरीके से ब्रश करने, मुंह और दांतों की नियमित सफाई रखने तथा मौखिक स्वच्छता की जानकारी दी। साथ ही दांत और मुंह से संबंधित विभिन्न रोगों के लक्षण, कारण, बचाव और उपचार के बारे में भी बताया गया। विद्यार्थियों को नियमित दंत जांच कराने और समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर में खैनी, गुटखा, पान और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य एवं मौखिक रोगों के प्रति भी जागरूक किया गया। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के हैंडबिल वितरित किए गए और विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

आत्महत्या रोकथाम माह के तहत मानसिक स्वास्थ्य पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, संभावित चेतावनी संकेतों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। किसी मानसिक परेशानी की स्थिति में परिवार, शिक्षक या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से समय रहते मदद लेने की अपील की गई।

कार्यक्रम में जिला दंत चिकित्सक डॉ. कामिनी लता, जिला दंत स्वास्थ्य विज्ञानी राजू कुमार पासवान, परामर्शदाता अशोक यादव और काउंसलर राधिका कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय सहयोग किया।

Share This Article