चांडिल, 12 सितंबर : सरायकेला-खरसावां की उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने शनिवार को चांडिल प्रखंड क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास एवं निर्माण योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य उपकेंद्र, मार्केट कॉम्प्लेक्स और प्रस्तावित बस स्टैंड की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
चांडिल के कदमडीह में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण के लिए चिन्हित सरकारी भूमि का निरीक्षण किया गया। निर्माण शुरू होने के बाद कुछ लोगों द्वारा जमीन को श्मशान घाट बताते हुए कार्य में बाधा डालने की जानकारी सामने आई। भूमि सत्यापन के दौरान संबंधित अंचल पदाधिकारियों ने इसे सरकारी भूमि बताया और स्थल पर श्मशान घाट नहीं होने की जानकारी दी।
डीडीसी ने अंचल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि संवेदक के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाए। कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार धारा-107 के तहत कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
इसके बाद सिदडीह में स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए चिन्हित सरकारी भूमि का निरीक्षण किया गया। यहां भी अभिलेखों के सत्यापन के बाद सरकारी भूमि पर ही निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया।
चांडिल बाजार स्थित जिला परिषद के मार्केट कॉम्प्लेक्स में शौचालय निर्माण योजना की भी समीक्षा की गई। संबंधित संवेदक को दो दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया। दुकानों में शटर नहीं होने पर तकनीकी पदाधिकारियों को प्राक्कलन तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
प्रस्तावित बस स्टैंड स्थल के निरीक्षण में बाजार से दूरी और कम आवागमन को देखते हुए डीडीसी ने अधिक उपयुक्त और सुविधाजनक वैकल्पिक स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ-सह-अंचल अधिकारी तालेश्वर रविदास, परियोजना पदाधिकारी विपिन कुमार सिन्हा, अभियंता, थाना प्रभारी, राजस्व कर्मी, संवेदक एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।