SIR-2026 : 10 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा मेगा हेल्प डेस्क कैंप

MANBHUM UPDATES
6 Min Read

12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच कार्यक्रम, 30 नवंबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

सरायकेला, 09 अक्टूबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें निर्वाचन आयोग की संशोधित समय-सारिणी, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार और लंबित मामलों के निष्पादन पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने बताया कि 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप-सह-चुनावी पाठशाला आयोजित की जाएगी।

बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उपायुक्त ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाना तथा सभी पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल करना है। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों, बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया।

नए मतदाताओं के पंजीकरण और त्रुटि सुधार पर जोर

10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कैंप में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके उन पात्र नागरिकों को प्रपत्र-6 भरने में सहायता दी जाएगी, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। प्रारूप मतदाता सूची में छूटे पात्र मतदाताओं की पहचान करने के साथ पात्र प्रवासी मतदाताओं के पंजीकरण में भी सहयोग किया जाएगा।

वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य प्रविष्टियों में त्रुटि होने पर प्रपत्र-8 के माध्यम से सुधार की प्रक्रिया समझाई जाएगी। नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों से संबंधित नोटिस प्राप्त मतदाताओं को जरूरी दस्तावेजों, उनके सत्यापन और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ और बीएलए-2 की समन्वय बैठक भी होगी, जिसमें पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, लंबित मामलों और क्षेत्रीय समस्याओं की समीक्षा की जाएगी।

उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को सही जानकारी देने और SIR-2026 से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित अथवा अन्य त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत बीएलओ को दी जाए। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करने या हटाने की कार्रवाई निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुरूप ही होगी।

नए नोटिस प्राप्त मतदाताओं के घर जाएंगे बीएलओ

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने बताया कि नए नोटिस प्राप्त मतदाताओं के घर जाकर बीएलओ आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे। इसके बाद दस्तावेजों को ECINet ऐप के माध्यम से अपलोड कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन कराया जाएगा। इससे नोटिस प्राप्त मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने में सहायता मिलेगी।

12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके तहत निर्धारित श्रेणियों के पात्र नागरिकों तक पहुंचकर उनके पंजीकरण और दस्तावेज संबंधी जरूरतों का आकलन किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 अक्टूबर को दिव्यांगजनों, अनाथालयों में रहने वाले व्यक्तियों और सेक्स वर्कर्स से संबंधित संपर्क एवं गृह भ्रमण गतिविधियां होंगी। 14 अक्टूबर को वृद्धाश्रमों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए आउटरीच गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके अलावा 12 से 16 अक्टूबर तक 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर मतदाता सूची में उनके नाम की स्थिति और पंजीकरण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली जाएगी। यह अभियान ईचागढ़, सरायकेला और खरसावां विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलाया जाएगा।

30 नवंबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

बैठक में SIR-2026 के तहत लंबित मामलों के निष्पादन के लिए निर्धारित समय-सीमा की भी जानकारी दी गई। नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों से संबंधित प्रथम एवं द्वितीय नोटिस के मामलों का निष्पादन 22 अक्टूबर तक किया जाना है। द्वितीय नोटिस और बीएलओ के गृह भ्रमण के बाद भी स्वीकार्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने वाले मतदाताओं के सत्यापन सहित निर्धारित मामलों का निष्पादन 31 अक्टूबर तक पूरा करना है। प्रपत्र-6, 6A, 7 और 8 से संबंधित दावों एवं आपत्तियों का डिजिटाइजेशन भी इसी तारीख तक किया जाएगा।

छूटे हुए पात्र नागरिकों के प्रपत्र-6 का गृह सत्यापन और डिजिटाइजेशन 1 से 12 नवंबर तक होगा। निष्पादित नोटिसों की जांच एवं सुपर चेकिंग 1 से 21 नवंबर, मतदान केंद्रों से संबंधित निर्धारित विवरणों का अद्यतीकरण 1 से 23 नवंबर तथा सभी दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन 23 नवंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 24 से 29 नवंबर तक निर्वाचक नामावली की जांच और अंतिम प्रकाशन संबंधी प्रक्रियाएं पूरी कर 30 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन निर्धारित है।

बैठक में खरसावां विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article