चांडिल-कांड्रा रोड: ग्रामीण आंदोलन की जीत, प्रशासन ने शुरू की त्वरित कार्रवाई

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 23 अप्रैल : चांडिल-कांड्रा मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति के खिलाफ ग्रामीणों के आंदोलन का असर दिखने लगा है। रुदिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ज्योतिलाल माहली और आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुदेव महतो ने अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) से मुलाकात कर सड़क मरम्मत की स्थिति की जानकारी ली।

इस दौरान SDO ने उपायुक्त से दूरभाष पर संपर्क किया, जहां पता चला कि इसी मुद्दे पर जिला स्तर पर बैठक चल रही है। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों और संवेदक को मौके पर भेजने का निर्देश दिया। शाम को प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों, संवेदक और ग्रामीण प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें रुदिया पंचायत की मुखिया सुबोधनी माहली समेत अन्य ग्रामीण नेता मौजूद रहे।

बैठक में SDO विकास राय ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से रखते हुए कहा कि डेढ़-दो वर्षों से लोग धूल और खराब सड़क की परेशानी झेल रहे हैं, जिसे अब और टाला नहीं जा सकता। उन्होंने संवेदक को सख्त चेतावनी देते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता अशोक रजक, सहायक एवं कनीय अभियंता सहित अन्य अधिकारी और संवेदक प्रदीप साहु बैठक में उपस्थित थे। निर्णय लिया गया कि शुक्रवार से सड़क निर्माण कार्य शुरू होगा तथा निर्माण के दौरान नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाएगा, ताकि राहगीरों को परेशानी न हो।

आंदोलनकारी एकता मंच की ओर से आशुदेव महतो ने इस पहल का स्वागत करते हुए ग्रामीणों, प्रशासन और मीडिया का आभार जताया। साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करना होगा।

Share This Article