आदित्यपुर, 23 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित एक होटल के सभागार में जिला उद्योग केंद्र की ओर से आरएएमपी (RAMP) योजना के तहत महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला उद्यमियों को स्वरोजगार, कौशल विकास और सरकारी योजनाओं के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला का उद्घाटन झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (JIADA) के रीजनल डेप्युटी डायरेक्टर दिनेश रंजन, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रवि शंकर प्रसाद, अग्रणी जिला प्रबंधक वरुण चौधरी तथा राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (NABARD) की जिला विकास प्रबंधक चंदना मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला में रांची से आए आरएएमपी योजना के विशेषज्ञों ने महिला उद्यमियों को उद्यम स्थापना, संचालन एवं विस्तार, वित्तीय प्रबंधन, बाजार उपलब्धता और व्यवसाय विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली वित्तीय एवं तकनीकी सहायता के बारे में भी बताया गया।
इस अवसर पर जिले एवं आसपास के क्षेत्रों की महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा व्यक्तिगत रूप से उद्योग और व्यापार से जुड़ी महिला उद्यमी बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिला उद्यमिता को सशक्त बनाने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि महिला उद्यमिता और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।