चिलचिलाती गर्मी में भी मुस्तैद रही नीमडीह पुलिस, बंगाल चुनाव को लेकर कड़ी निगरानी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह, 23 अप्रैल : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत गुरुवार को मतदान संपन्न हुआ। चुनाव के मद्देनजर झारखंड-बंगाल सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां जिले की नीमडीह पुलिस ने भी अपने कर्तव्य का उत्कृष्ट परिचय दिया।

करीब 40 – 42 डिग्री सेल्सियस की चिलचिलाती गर्मी के बावजूद नीमडीह थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों – चातरमा, सिरुम, बाड़ेदा और आदारडीह में पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ विभिन्न चेकपोस्ट पर तैनात रही। यहां से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहनों की सघन जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ के साथ-साथ उनके पहचान पत्रों की भी बारीकी से सत्यापन किया गया।

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस द्वारा एहतियातन शस्त्र जांच अभियान भी चलाया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। सीमा क्षेत्र में लगाए गए सभी चेकनाका का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अरविंद कुमार बिन्हा एवं नीमडीह थाना प्रभारी संतन तिवारी ने स्वयं निरीक्षण किया और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कड़ी धूप में खुले आसमान के नीचे और कठिन परिस्थितियों के बावजूद नीमडीह पुलिस के जवानों ने जिस समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई, वह सराहनीय है। उनकी सतर्कता और सक्रियता ने न केवल क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया, बल्कि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में भी अहम भूमिका निभाई।

Share This Article