जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

बोले – गुरुजी थे मेरे राजनीतिक अभिभावक, मुझे पितातुल्य स्नेह भी प्रदान किया

मानभूम अपडेट्स, डेस्क, 4 अगस्त : झारखंड आंदोलन के प्रणेता, झामुमो संस्थापक और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर पूरे झारखंड में शोक की लहर है। इसी क्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वे अत्यंत भावुक दिखे।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद एवं झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के निधन से मैं अत्यंत मर्माहत हूं। गुरुजी न केवल मेरे राजनीतिक अभिभावक थे, बल्कि उन्होंने मुझे पितातुल्य स्नेह भी प्रदान किया।”

उन्होंने कहा कि झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने में शिबू सोरेन का संघर्ष और समर्पण युगों तक याद किया जाएगा। वे इस माटी के दबे-कुचले, आदिवासी, गरीब और वंचितों की आवाज बनकर उभरे और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने।

विद्युत महतो ने आगे कहा कि “उनका व्यक्तित्व बेहद सरल, स्नेही और आत्मीय था। वे छोटे से छोटे कार्यकर्ता का भी हालचाल लेते थे, उनके सुख-दुख में सहभागी रहते थे। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और संघर्ष की भावना हमारे साथ हमेशा बनी रहेगी।”

अंत में उन्होंने कहा, “आज हम भारी मन से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके अधूरे सपनों को साकार करना ही हमारे लिए उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मारंगबुरू से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व समस्त झारखंडवासियों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति।”

Share This Article