दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला में 54 अभ्यर्थी चयनित, 156 शॉर्टलिस्ट

खूंटी, 21 नवंबर : श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग अंतर्गत नियोजनालय तोरपा (खूंटी) द्वारा मंगलवार को प्रखंड परिसर, तोरपा में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया, नियोजन पदाधिकारी आनंद कुमार तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के सहायक निदेशक योगेश पारिक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में नियोजन पदाधिकारी आनंद कुमार ने स्वागत भाषण देते हुए नियोजनालय द्वारा बेरोजगार युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार अवसरों, भर्ती कैंपों तथा झार नियोजन पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियोजनालय की सभी सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क हैं और युवाओं को इसका अधिकतम लाभ उठाना चाहिए।
रोजगार मेला में उपस्थित अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और उपलब्ध रिक्तियों, चयन प्रक्रिया तथा सेवा शर्तों की जानकारी प्राप्त की। चयनित कुछ अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
रोजगार मेले में कुल 22 नियोजकों ने भाग लिया तथा करीब 400 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कंपनियों द्वारा 54 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 156 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।



