झारखंड राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने भरा नामांकन, निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे परिमल नाथवानी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झारखंड राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने भरा नामांकन, निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे परिमल नाथवानी

रांची, 08 जून : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को महागठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने झारखंड विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नामांकन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रणव झा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनकी जीत पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण भरोसा है कि प्रणव झा राज्यसभा चुनाव में विजय प्राप्त कर संसद में झारखंड के हितों, अधिकारों और जनभावनाओं का प्रभावी ढंग से प्रतिनिधित्व करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रणव झा का राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव राज्य की आवाज को राष्ट्रीय मंच पर और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड के विकास, संसाधनों और जनता से जुड़े मुद्दों को वे राज्यसभा में मजबूती के साथ उठाएंगे।

वहीं, राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रही अटकलों के बीच उद्योगपति एवं पूर्व राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि परिमल नाथवानी को भारतीय जनता पार्टी का समर्थन प्राप्त हो सकता है। हालांकि भाजपा ने अब तक राज्यसभा चुनाव के लिए किसी आधिकारिक उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। ऐसे में नाथवानी की उम्मीदवारी को लेकर राजनीतिक समीकरणों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के बीच झारखंड की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनाव में विभिन्न दल किस रणनीति के साथ मैदान में उतरते हैं और राज्यसभा की इस प्रतिष्ठित सीट पर किस उम्मीदवार को सफलता मिलती है।

Share This Article