ईचागढ़ और तिरुलडीह में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, लगभग एक लाख 55 हजार घनफीट बालू जप्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

ईचागढ़ और तिरुलडीह में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, लगभग एक लाख 55 हजार घनफीट बालू जप्त

चांडिल, 29 जनवरी : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र मे अवैध बालू खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध बुधवार को औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में जिला खनन विभाग द्वारा चलाए गए निरीक्षण अभियान के क्रम में तिरुलडीह थाना अंतर्गत मौजा सपादा एवं सिरकाडीह तथा ईचागढ़ थाना अंतर्गत मौजा सोड़ो जारगोडीह में अवैध बालू भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान तिरुलडीह थाना अंतर्गत मौजा सपादा एवं सिरकाडीह में लगभग एक लाख दस हजार घनफीट अवैध बालू भंडारण को विधिवत जब्त किया गया। इसी क्रम में तिरुलडीह थाना अंतर्गत मौजा सिरकाडीह में मिट्टी उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को जब्त किया गया। इसी क्रम में ईचागढ़ थाना अंतर्गत मौजा सोड़ो जारगोडीह में लगभग 45 हजार घनफीट अवैध बालू खनिज भंडारण को भी विधिवत जब्त किया गया।

जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जब्त बालू खनिज भंडारण को शीघ्रातिशीघ्र ई-नीलामी किए जाने हेतु अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण के क्रम में बुधवार पूर्वाह्न में जिला खनन विभाग द्वारा नीमडीह थाना अंतर्गत मौजा झीमडी का निरीक्षण किया गया। उक्त मौजा स्थित सोना डूंगरी (एकलव्य विद्यालय,स्टेडियम परिसर) में लौह अयस्क खनिज के अवैध उत्खनन से संबंधित तीन बड़े गड्ढे पाए गए। इस संबंध में लौह अयस्क के अवैध उत्खनन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है।

इस बाबत उपायुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जिले के किसी भी क्षेत्र में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article