पुरुलिया जिले को रेलवे की बड़ी सौगात, कई ट्रेनों को मिले नए स्टॉपेज

पुरुलिया, 29 जनवरी : रेल मंत्रालय ने पुरुलिया जिले के यात्रियों के लिए बड़ी राहत देते हुए कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के नए स्टॉपेज को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय लंबे समय से जिलेवासियों की मांग रही है, जिससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी और सुविधाएं बेहतर होंगी।
रेल मंत्रालय द्वारा जिन स्टेशनों पर स्टॉपेज स्वीकृत किए गए हैं, उनमें अनारा रेलवे स्टेशन पर टाटानगर–बक्सर एक्सप्रेस, झलिदा रेलवे स्टेशन पर रांची–गोड्डा एक्सप्रेस तथा पुरुलिया जंक्शन पर भुवनेश्वर–नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस शामिल है।
खास बात यह है कि पुरुलिया जंक्शन पर यह पहली बार है जब तेजस राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव स्वीकृत किया गया है। इस अवसर पर पुरुलिया के सांसद ज्योतिमय सिंह महतो ने इसे जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से छात्रों, रोगियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों एवं आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और दिल्ली सहित देश के प्रमुख शहरों से संपर्क और सशक्त होगा।
सांसद ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार पुरुलिया जैसे पिछड़े क्षेत्रों के विकास को लेकर लगातार संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। रेल सेवाओं में हुए इस विस्तार से जिले के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



