चुनाव को लेकर पुलिस ने अपराधियों पर कसी नकेल, विशेष अभियान में 09 गिरफ्तार

सरायकेला, 29 जनवरी : नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सरायकेला–खरसावां जिला पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में विभिन्न थानों की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 09 वांछित अपराधियों एवं वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
अभियान के तहत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल के नेतृत्व में सभी थाना प्रभारियों और अंचल निरीक्षकों की टीमों का गठन कर देर रात छापेमारी की गई। इस दौरान आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या, उत्पाद अधिनियम, संपत्तिमूलक अपराध एवं नक्सल कांड से जुड़े आरोपपत्रित अपराधकर्मियों का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में विभिन्न थानों के कांडों से संबंधित वांछित अपराधी एवं गैर-जमानतीय वारंटी शामिल हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अग्रेतर कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव अवधि के दौरान अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम जनता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।



