कुकडू, 30 मार्च : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकडू प्रखंड अंतर्गत कारकीडीह गांव में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब स्कूल के सामने स्थित वर्षों पुराने आम के पेड़ की एक विशाल और मोटी डाल अचानक टूटकर गिर पड़ी। गनीमत रही कि डाल गिरने से कुछ ही समय पहले स्कूल में छुट्टी कर दी गई थी। यदि उस समय बच्चे मौजूद रहते, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी, क्योंकि यह पेड़ स्कूल के ठीक सामने स्थित है। ग्रामीणों के अनुसार पेड़ काफी पुराना हो चुका है और अंदर से कमजोर हो गया है। हाल के दिनों में तेज हवा और मौसम में बदलाव के कारण इसकी डालें भी कमजोर पड़ गई थीं। साथ ही, पेड़ में कीड़े लग जाने के कारण उसका हिस्सा अंदर से खोखला हो गया था। इसी वजह से भारी डाल अचानक टूटकर गिर गई।
डाल गिरने से ईचागढ़ से कारकीडीह होकर कुकडू जाने वाला मुख्य मार्ग बाधित हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों द्वारा गिरी हुई डाल को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में जर्जर और पुराने पेड़ों की समय-समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।