संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पदाधिकारियों एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स हुए सम्मानित

संवाददाता खूंटी, 07 अगस्त : खूंटी जिला प्रशासन की ओ रसे गुरुवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (बालिका), खूंटी के सभागार में नीति आयोग, भारत सरकार के संपूर्णता अभियान के तहत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त आर रॉनिटा ने कहा कि आकांक्षी प्रखंड कर्रा एवं आकांक्षी जिला खूंटी द्वारा संपूर्णता अभियान के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समाज कल्याण के विभिन्न इंडिकेटर के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए नीति आयोग द्वारा खूंटी जिले को ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया जाएगा, साथ हीं जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी, कर्मी एवं विभिन्न विभागों के फ्रंट लाइन वर्कर्स को सम्मानित किया जाएगा। जो हम सभी के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं फ्रंट लाइन वर्कर्स को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि आप सभी के कठिन परिश्रम, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। आप सभी इसके वास्तविक हकदार हैं। हमें इसी समर्पण भाव के साथ आगे भी कार्य करते रहना है। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की ओर से आकांक्षी मानकों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पदाधिकारी, कर्मी एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स के रूप में सेविका, सहायिका, हेल्थ वर्कर्स, शिक्षा विभाग के कर्मी, समाज कल्याण, जेएसएलपीएस, बीडीओ कर्रा, फेलो, समेत अन्य को मंच पर आमंत्रित कर उपायुक्त द्वारा सम्मानित किया गया।
उनके कार्यों की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने में पदाधिकारियों कर्मियों एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में वन प्रमंडल पदाधिकारी, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, फेलो एवं सम्मानित फ्रंटलाइन वर्कर्स उपस्थित थे।



