सरायकेला में 54वीं राष्ट्रीय जूनियर शतरंज चैंपियनशिप 2025 के पोस्टर का अनावरण

सरायकेला, 30 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिला के समाहरणालय सभागार में शनिवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने 54वीं राष्ट्रीय जूनियर शतरंज चैंपियनशिप 2025 का पोस्टर अनावरण किया। पोस्टर अनावरण कार्यक्रम दिशा की बैठक से पूर्व आयोजित किया गया। मौके पर खरसावां के विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ के विधायक सविता महतो, उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत और जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा भी उपस्थित थे। यह चैंपियनशिप 16 से 24 दिसंबर 2025 तक सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड के आसनबनी स्थित होटल वेब इंटरनेशनल आयोजित होगी। यह प्रतियोगिता न केवल राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण है, बल्कि एशियन एवं वर्ल्ड यूथ शतरंज चैंपियनशिप 2026 के लिए चयन प्रतियोगिता के रूप में भी आयोजित की जा रही है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि झारखंड की धरती प्रतिभाओं की भूमि रही है। शतरंज जैसे बौद्धिक खेल से हमारे युवा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। इस आयोजन से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर जाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे प्रयास करेंगे कि केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया इस आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हों। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि सरायकेला में जनजातीय शतरंज अकादमी की स्थापना के लिए वे व्यक्तिगत रूप से जिला शतरंज संघ को हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। इस दौरान जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, सचिव अजय कुमार, संरक्षक अरुण पाठक और राजेश झा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे। आयोजन का संचालन सरायकेला-खरसावां जिला शतरंज संघ द्वारा अखिल झारखंड शतरंज संघ के तत्वावधान में किया जा रहा है। इसे भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय का सहयोग प्राप्त है।



