
जनशिकायत निवारण दिवस में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने रखीं समस्याएं, उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का दिया निर्देश
जमशेदपुर, 30 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने पेंशन, आवास, जमीन विवाद, सड़क-पुलिया निर्माण, पेयजल और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे।
जनशिकायत निवारण दिवस में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन की स्वीकृति और लंबित भुगतान के अलावा जमीन की मापी, सीमांकन, दाखिल-खारिज, भूमि अभिलेखों में सुधार, अवैध कब्जा और अतिक्रमण से संबंधित मामले प्रमुखता से उठाए गए। वहीं, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, सड़क निर्माण एवं जर्जर पुलिया की मरम्मत तथा पेयजल की उपलब्धता को लेकर भी लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं।
इसके अलावा आर्म्स एवं पटाखा लाइसेंस निर्गत करने, पारिवारिक विवाद और नक्सली हिंसा में मारे गए व्यक्ति के आश्रित को नौकरी उपलब्ध कराने से संबंधित आवेदन भी उपायुक्त को सौंपे गए।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। जिन मामलों में स्थल निरीक्षण अथवा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता है, उनमें भी त्वरित पहल की जाए। उन्होंने पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।



