
वायरिंग में आग लगने से प्लेटफार्म पर फैला धुएं का गुबार, एहतियातन कुछ घंटों के लिए प्लेटफार्म को किया गया बंद
जमशेदपुर, 30 अक्टूबर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर शुक्रवार को शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग और धुएं का गुबार देखकर प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते पूरे प्लेटफार्म पर धुआं फैल गया, जिससे यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लेटफार्म के शेड में लगी वायरिंग में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद तारों में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और धुआं पूरे प्लेटफार्म पर फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने कुछ घंटों के लिए प्लेटफार्म नंबर एक को पूरी तरह बंद कर दिया।
फिलहाल रेलवे के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। घटना के बाद स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत वायरिंग को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।