नगरपालिका चुनाव 2026: मतदान पूर्व तैयारियों की डीईओ ने की समीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नगरपालिका चुनाव 2026: मतदान पूर्व तैयारियों की डीईओ ने की समीक्षा

सरायकेला, 10 फरवरी : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर मतदान पूर्व तैयारियों की समीक्षा हेतु मंगलवार को समाहरणालय सभागार, सरायकेला में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में विभिन्न कोषांगों द्वारा संचालित तैयारियों एवं पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नगर क्षेत्र अंतर्गत क्रिटिकल बूथों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने मतदान कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों का प्रशिक्षण निर्धारित कैलेंडर के अनुसार ससमय पूर्ण कराने पर बल दिया। साथ ही मतपेटियों पर अंकित संख्याओं का सूची से मिलान कर प्रूफ-रीडिंग के बाद आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वाहन कोषांग को मतदान एवं निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित परिवहन हेतु आवश्यकतानुसार पर्याप्त वाहनों की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में आदर्श आचार संहिता के अक्षरशः अनुपालन पर विशेष जोर देते हुए सभी अभ्यर्थियों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें निर्वाचन नियमों की जानकारी देने का निर्देश दिया गया।

 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आरओ हैंडबुक के सभी प्रावधानों के अनुपालन, मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा एसएसटी चेकपोस्ट पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Share This Article