अपर उपायुक्त ने अंचल कार्यालय नीमडीह का किया औचक निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अपर उपायुक्त ने अंचल कार्यालय नीमडीह का किया औचक निरीक्षण

नीमडीह, 17 दिसंबर : अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने बुधवार को अंचल कार्यालय, नीमडीह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण एवं भूमि से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाओं की समीक्षा की। इसके पश्चात अंचल कर्मियों के साथ बैठक कर भूमि मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने लंबित भूमि प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी मामलों का समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अपर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि भूमि मामलों में पारदर्शिता, नियमसम्मत कार्रवाई एवं समयबद्ध निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

इसके बाद अपर उपायुक्त ने केतूंगा एवं हाकासारा ग्राम स्थित सरकारी भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सरकारी भूमि के संरक्षण, अतिक्रमण की रोकथाम एवं अभिलेखों के अद्यतन संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी क्रम में उन्होंने गोल्ड माइंस क्षेत्र का भी भ्रमण किया, जहां सुरक्षा मानकों एवं श्रमिकों के बीमा प्रावधानों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रमिक सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

गोल्ड माइंस क्षेत्र स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र मरम्मत के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी नीमडीह श्री अभय कुमार द्विवेदी सहित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं अंचल कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article