16 को दिशोम गुरु शिबू सोरेन का श्राद्ध भोज, जुटेंगे लाखों लोग

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

16 को दिशोम गुरु शिबू सोरेन का श्राद्ध भोज, जुटेंगे लाखों लोग

मानभूम अपडेट्स, डेस्क , 12 अगस्त : झारखंड के दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद उनका श्राद्धकर्म अब एक ऐतिहासिक और भावनात्मक आयोजन बनने जा रहा है। रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत पैतृक गांव नेमरा में 16 अगस्त को होने वाले श्राद्ध भोज में लाखों लोगों के जुटने का अनुमान है, वहीं 15 अगस्त को दशकर्म की रस्में पूरी की जाएंगी।

प्रशासन ने इस मौके पर सुरक्षा, यातायात और आवासीय व्यवस्थाओं को लेकर अभूतपूर्व तैयारी की है। भीड़ प्रबंधन के लिए 9 आईपीएस और 40 डीएसपी स्तर के अधिकारी मौके पर तैनात रहेंगे। वीआईपी अतिथियों के आगमन के मद्देनज़र नेमरा में चार अस्थायी हेलीपैड बनाए गए हैं, जबकि गुरुजी के निवास से 300 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। इस पूरे कार्यक्रम की निगरानी वरीय प्रभारी राहुल कुमार सिन्हा करेंगे।

श्राद्ध भोज के लिए पांच विशाल पंडाल तैयार हो रहे हैं, जिनमें से एक विशेष रूप से वीआईपी अतिथियों के लिए होगा। श्रद्धालुओं के लिए चार अलग-अलग स्थानों पर गुरुजी की तस्वीरें लगाई जाएंगी, जहां लोग पुष्पांजलि अर्पित कर सकेंगे। भीड़ की सुविधा के लिए ई-रिक्शा सेवा और वीआईपी पार्किंग की अलग व्यवस्था की गई है।

आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य भी तेज़ी से चल रहा है। गोला से सिल्ली मोड़ तक नई सड़क बनाई जा रही है, वहीं नेमरा जाने वाले मार्ग की मरम्मत भी अंतिम चरण में है।

यह आयोजन न केवल एक धार्मिक संस्कार का निर्वहन है, बल्कि झारखंड की राजनीतिक और सामाजिक स्मृतियों में भी एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

Share This Article