
जमशेदपुर, 16 जून : रेलवे सेवाओं के विस्तार और सुधार को लेकर जमशेदपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में लोकसभा सांसद बिद्युत बरन महतो और झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की रेल सुविधाओं और वर्षों से लंबित मांगों को लेकर गंभीर चर्चा की।
बैठक के दौरान प्रमुख मांगों में टाटानगर से बीकानेर (जयपुर और रिंगस होते हुए) सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे खाटू श्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही टाटानगर से दिल्ली तक मूरी, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन और कोडरमा मार्ग से एक नई ट्रेन चलाने का सुझाव भी सामने आया।
पूर्व में संचालित टाटानगर-मुंबई (एलटीटी) अंत्योदय एक्सप्रेस को नए स्वरूप में — स्लीपर, एसी व सामान्य कोचों के साथ द्विसाप्ताहिक सेवा के रूप में पुनः शुरू करने की मांग की गई। यह कदम यात्रियों को कन्फर्म टिकट की सुविधा देने की दिशा में सहायक होगा।
संतरागाछी-अजमेर स्पेशल ट्रेन (08611/12) का विस्तार जयपुर तक करने, धनबाद-टाटानगर स्वर्णरेखा एक्सप्रेस (13301/02) का मार्ग बदलकर धनबाद-बोकारो-पुरुलिया किए जाने की सिफारिश की गई ताकि यात्रा समय में कटौती हो सके। साथ ही टाटानगर-बेंगलुरु एसएमवीटी एक्सप्रेस (12889/90) की सेवा साप्ताहिक से बढ़ाकर त्रि-साप्ताहिक करने की पुरजोर मांग की गई, जिससे छात्रों, पेशेवरों व मरीजों को सुविधा मिल सके।
बैठक में चक्रधरपुर रेल मंडल के तहत ट्रेनों की लगातार हो रही लेट-लतीफी पर भी चिंता जताई गई। विशेष रूप से झारसुगुड़ा-टाटानगर, नोआमुंडी-राजखरसावां-टाटानगर और चांडिल-कांड्रा-टाटानगर रूट पर समयपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सांसद बिद्युत बरन महतो ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इन सभी मांगों को शीघ्र ही केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष रखकर आवश्यक कार्यवाही का आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और क्षेत्र के विकास के लिए रेल सेवाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है।


