
छात्र-छात्राओं को दी गई जीवन के प्रति जिम्मेदारी की सीख
चांडिल : अनुमंडल क्षेत्र के तिरुलडीह थाना के तत्वावधान में सोमवार को +2 उच्च विद्यालय, कुकड़ू में नशा से दूर रहने एवं सड़क सुरक्षा को लेकर एक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति में सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद उपस्थित अधिकारियों ने नशा के दुष्परिणामों और सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बताया कि युवा वर्ग को नशे की लत से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में आगे ले जाने की आवश्यकता है। साथ ही, हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, ट्रैफिक नियमों का पालन करना जैसी छोटी लेकिन महत्वपूर्ण बातों की जानकारी दी गई।

तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “नशा न सिर्फ शरीर को कमजोर करता है बल्कि समाज व परिवार को भी तोड़ता है। वहीं ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कई बार जानलेवा साबित होती है। आज की युवा पीढ़ी को इन दोनों मोर्चों पर सजग रहने की जरूरत है।”
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रशांत सिंह मुड़ा ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागृत करते हैं। अंत में छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटक और पोस्टर प्रदर्शन के माध्यम से भी संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशा से दूर रहने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ ली। मौके पर स्कूल के सभी शिक्षक एवं तिरुलडीह थाना के पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।



