
जमशेदपुर, 02 अप्रैल : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के चुलालोंगकोर्न विश्वविद्यालय में में आयोजित थाईलैंड इंटरनेशनल आर्ट एग्जिबिशन में जमशेदपुर के कलाकार ने झारखंड ही नहीं पूरे देश का मान बढ़ाया है। जमशेदपुर (कदमा) की कलाकार सुमन प्रसाद ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी कला का परचम लहराया। तीन दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी 30 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक “Indian Gods & Indian Goddesses” थीम पर आयोजित हुई, जिसमें दुनिया भर के कलाकारों ने भाग लिया। कलाकार सुमन प्रसाद का बेहतरीन प्रदर्शन झारखंड के लिए गौरव की बात है।
सुमन प्रसाद ने इस मंच पर अपनी दो विशेष कृतियां प्रस्तुत कीं। पहली कृति “अनंता ऐश्वर्या” (24×30 इंच, एक्रिलिक) में भगवान गणेश के माध्यम से अनंत समृद्धि, ज्ञान और दिव्यता का सजीव चित्रण किया गया। वहीं दूसरी कृति “समाधि” भगवान शिव पर आधारित रही, जिसमें ध्यान, आंतरिक शांति और ब्रह्मांड से जुड़ाव को दर्शाया गया। उनकी इन दोनों कृतियों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों ने काफी सराहा। सुमन प्रसाद ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे गर्व का क्षण है, जब उन्होंने अपनी कला के माध्यम से देश, राज्य और शहर का प्रतिनिधित्व किया।
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सरो भारती संगीत कला केंद्र और ICCR द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी भारतीय देवी-देवताओं की कलाकृतियों पर केंद्रित थी। सुमन ‘FlaminArt’ की संस्थापक हैं और देशभर में सैकड़ों म्यूरल्स बनाकर हजारों छात्रों को प्रशिक्षित कर चुकी हैं। उन्हें Nation Pride Award 2022 सहित कई राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उनकी कला को बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और नेहा धूपिया जैसे कलाकारों ने भी सराहा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें प्रशंसा पत्र मिल चुका है।



