दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्धभोज में पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं योगगुरु बाबा रामदेव
रांची/रामगढ़, 16 अगस्त : झारखंड के दिशोम गुरु और झामुमो के संरक्षक स्वर्गीय शिबू सोरेन के श्राद्धभोज में देशभर से गणमान्य अतिथियों का आगमन हो रहा है। इसी क्रम में शनिवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और योगगुरु बाबा रामदेव भी रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा गांव पहुंचे।
नेमरा गांव पहुंचकर दोनों महानुभावों ने स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने गुरुजी की धर्मपत्नी रूपी सोरेन से मुलाकात की और पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। मौके पर वातावरण गमगीन था और उपस्थित लोगों ने भी गुरुजी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भेंट की। मुख्यमंत्री से काफी देर तक बातचीत की। चर्चा के विषय राजनीतिक, सामाजिक और गुरुजी के योगदान से जुड़े रहे।
श्राद्धभोज में शामिल होने वाले लोगों की संख्या लाखों में बताई जा रही है। गांव और आसपास के इलाकों में विशाल पंडालों का निर्माण किया गया है तथा प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। विभिन्न राज्यों से भी गुरुजी के समर्थक, अनुयायी और राजनीतिक हस्तियां लगातार नेमरा पहुंच रही हैं।
गौरतलब है कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड के आदिवासी आंदोलन, राज्य गठन और सामाजिक न्याय की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई थी। उनके निधन के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर है और श्रद्धांजलि देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है।
लोकल खबरों के लिए जुड़े रहें : ManbhumUpdates.com