नगर निगम में एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप, अंचलाधिकारी तक पहुंची शिकायत

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

नगर निगम में एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप, अंचलाधिकारी तक पहुंची शिकायत

आदित्यपुर, 18 जुलाई : नगर निगम क्षेत्र में मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। भाजपा नेता विशु महतो ने गम्हरिया अंचल अधिकारी से मिलकर बीएलओ द्वारा की जा रही अनियमितताओं की लिखित जानकारी दी और मामले की जांच की मांग की।

विशु महतो ने अंचल अधिकारी को बताया कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 में स्थित मतदान केंद्र संख्या 138 कुंती कुमारी और मतदान केंद्र संख्या 139 लक्ष्मी रानी महतो में बीएलओ द्वारा SIR का कार्य नियमों के अनुसार नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई मतदाताओं के घर जाकर गहन सत्यापन नहीं किया जा रहा। इसके बजाय “शिफ्टिंग” के नाम पर कुछ वैध मतदाताओं के नाम सूची से काटे जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के सैकड़ों मतदाताओं के नाम छूटने का खतरा बढ़ गया है।

महतो ने यह भी जानकारी दी कि विभाग द्वारा SIR प्रक्रिया में बीएलओ की मदद के लिए लगभग सभी बूथों पर वालंटियर तैनात किए गए हैं। लेकिन आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के अधिकांश बूथों पर ये वालंटियर ड्यूटी पर नहीं पाए जा रहे हैं। इससे बीएलओ पर काम का बोझ बढ़ गया है और फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया धीमी हो गई है।

अंचल अधिकारी से मुलाकात के दौरान विशु महतो ने मांग की कि मतदान केंद्र संख्या 138 और 139 पर तत्काल जांच टीम भेजी जाए। उन्होंने कहा कि SIR का उद्देश्य फर्जी नाम हटाना है, लेकिन इस प्रक्रिया में एक भी वैध मतदाता का नाम न छूटे यह सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा, “मतदाता लोकतंत्र की रीढ़ हैं। अगर बीएलओ की लापरवाही से किसी का नाम कट जाता है तो यह लोकतंत्र पर हमला है। हम चाहते हैं कि निष्पक्ष जांच हो और दोषी बीएलओ पर कार्रवाई की जाए।”

उधर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदाता केंद्रों पर मतदाता गहन प्रपत्र भरकर बीएलओ को समर्पित कर रहे हैं। लोग सुबह से ही बूथों पर लाइन लगाकर अपने दस्तावेज जमा कर रहे हैं।

अंचल अधिकारी ने भाजपा नेता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Share This Article