“कबाड़ से किया कमाल : चांडिल के छात्र ने बनाया सस्ता इलेक्ट्रिक कार, युवाओं के लिए बना मिसाल”

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

“कबाड़ से किया कमाल : चांडिल के छात्र ने बनाया सस्ता इलेक्ट्रिक कार, युवाओं के लिए बना मिसाल”

चांडिल ,संवाददाता विशेष,17 जुलाई : “कुछ कर गुजरने का जज़्बा हो, तो राहें खुद बन जाती हैं” — इस कहावत को चरितार्थ किया है चांडिल पॉलीटेक्निक कॉलेज के अंतिम वर्ष के छात्र निगम पॉल ने। डिप्लोमा मेकेनिकल ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग के छात्र निगम ने कबाड़ में पड़े पुराने पुर्जों का इस्तेमाल कर एक शानदार लो-कॉस्ट बैटरी चालित इलेक्ट्रिक फोर व्हीलर तैयार कर सबको चौंका दिया है।

करीब ₹40,000 की लागत से तैयार यह इलेक्ट्रिक वाहन एक बार चार्ज होने पर तीन घंटे तक चलेगा और 40 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ सकता है। इस पूरे प्रोजेक्ट में निगम ने वाहन की डिजाइनिंग से लेकर असेंबलिंग तक का कार्य स्वयं किया। उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन मिला कॉलेज के शिक्षक शांतनु मुखर्जी से, जिन्होंने इस परियोजना में सुपरवाइजर की भूमिका निभाई।

सरायकेला जिले के दुगनी निवासी निगम के पिता रक्तवीर पॉल एक निजी कंपनी में वर्कर हैं। निगम का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण चार पहिया वाहन आम लोगों की पहुंच से दूर हो गया है। ऐसे में उनका उद्देश्य है कि कम लागत में बैटरी चालित वाहन तैयार किए जाएं जो हर तबके के लिए सुलभ हो सके।

इस उपलब्धि से न सिर्फ कॉलेज प्रशासन, बल्कि समूचे छात्र समुदाय में उत्साह है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीरज प्रियदर्शी ने निगम को जल्द ही सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा, “हमारे छात्र अब सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नवाचार और प्रयोगधर्मी सोच को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। चांडिल पॉलीटेक्निक को झारखंड के तकनीकी मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।”

निगम पॉल की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बीच भी बड़ा सपना देखने और उसे साकार करने का साहस रखते हैं।

Share This Article