श्री शनिदेव भक्त मंडली ने दिखाई मानवता की मिसाल, पीड़ित महिला को इलाज हेतु दिया 31,000 का सहयोग़

आदित्यपुर/सरायकेला ,मानभूम अपडेट्स प्रतिनिधि
सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित संस्था श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने एक बार फिर अपनी मानवसेवा की प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है। सामाजिक कार्यों की निरंतरता को आगे बढ़ाते हुए मंडली ने गम्हरिया की एक पीड़ित महिला सोनाली दास को आर्थिक सहायता प्रदान कर एक संवेदनशील उदाहरण प्रस्तुत किया।
चार साल से जलने की गंभीर पीड़ा झेल रहीं सोनाली दास घरेलू दुर्घटना का शिकार हो गई थीं। ससुराल में खाना बनाते वक्त उनकी साड़ी में आग लग गई थी। दुर्भाग्यवश, उनकी साड़ी सिंथेटिक होने के कारण आग ने उन्हें गंभीर रूप से झुलसा दिया। हादसे के बाद जब पति ने इलाज का खर्च उठाने से इनकार कर दिया और सारा दोष सोनाली के माता-पिता पर मढ़ दिया, तब उसके मायकेवालों ने ही बेटी की देखभाल और इलाज की जिम्मेदारी उठाई। पिता खुद अपनी बेटी की ड्रेसिंग करते हैं क्योंकि नर्सिंग सेवा की कीमत वहन करना उनके लिए संभव नहीं।
इस दर्दनाक घटना की जानकारी मंडली सदस्य तापस दास, जो गम्हरिया में मेडिकल शॉप संचालित करते हैं, को हुई। उन्होंने मामले को मंडली के समक्ष रखा। इसके बाद मंडली के सदस्यों ने आपसी चर्चा कर पीड़ित महिला की सहायता का निर्णय लिया। शुक्रवार को मंडली की टीम गम्हरिया स्थित सोनाली दास के आवास पहुंची और उन्हें इलाज के लिए ₹31,000 (इकत्तीस हजार रुपये) का चेक सौंपा।
इस पुनीत कार्य के दौरान मंडली के संस्थापक सह संरक्षक, अध्यक्ष राजेश चांचड़ा, उपाध्यक्ष श्री पंकज कुमार रामा, सचिव उज्जवल घोष, मंटू सिंह मोदक, मानिक गोराई, गौरंगो धर, प्रकाश कुमार प्रधान, बीबीलाल पाल, तापस दास और गौतम दास समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।
मंडली ने आम जन से आह्वान किया है कि वे पीड़िता सोनाली दास के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें और समाज में पीड़ितों की सहायता हेतु आगे आएं।



