समाहरणालय परिसर में आम बिक्री स्टॉल का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

समाहरणालय परिसर में आम बिक्री स्टॉल का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार

सरायकेला, 08 जून : सरायकेला खरसावां समाहरणालय के मुख्य द्वार पर सोमवार को मनरेगा अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े किसानों द्वारा उत्पादित आम के प्रत्यक्ष विपणन हेतु स्थापित बिक्री स्टॉल का उद्घाटन उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (जेएसएलपीएस) पंकज कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत जिले में फलदार पौधों के रोपण और बागवानी को बढ़ावा देकर ग्रामीण परिवारों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल आठ आम बिक्री स्टॉल संचालित किए जा रहे हैं।

उद्घाटन के दौरान उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन किसानों को उत्पादन से लेकर विपणन तक हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे बिक्री केंद्र किसानों और उपभोक्ताओं के बीच प्रत्यक्ष संपर्क स्थापित कर बिचौलियों पर निर्भरता कम करने में सहायक होंगे।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मांग और खपत के अनुरूप स्टॉलों का संचालन सुनिश्चित करने, उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने तथा प्रभावी प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

इस दौरान यह भी जानकारी दी गई कि जिला प्रशासन के सहयोग से सरायकेला आजीविका महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) को अपनों मार्ट के माध्यम से 60 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से 1,000 किलोग्राम अमरपाली आम की आपूर्ति का प्रथम क्रय आदेश प्राप्त हुआ है। इसे स्थानीय किसानों और उत्पादक समूहों को संगठित बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

जिला प्रशासन ने कहा कि किसानों, महिला उत्पादक समूहों और एफपीओ को सशक्त बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

Share This Article