छात्रावास का भोजन बना खतरा, कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं फूड प्वाइजनिंग से पीड़ित – एमजीएम में भर्ती

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

छात्रावास का भोजन बना खतरा, कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं फूड प्वाइजनिंग से पीड़ित – एमजीएम में भर्ती

जमशेदपुर/पटमदा, 27 जुलाई : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड के बांगुड़दा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की चार छात्राएं रविवार रात संदिग्ध फूड प्वाइजनिंग की चपेट में आ गईं। छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद सोमवार सुबह उन्हें पटमदा के माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद लगातार उल्टियां होते देख चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।

बीमार छात्राओं में पूर्णिमा महतो, दयावती प्रमाणिक, अष्टमी महतो और प्रियंका महतो शामिल हैं। विद्यालय की वार्डन ने सभी छात्राओं के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

इस घटना को लेकर लोवाडीह निवासी एक छात्रा के परिजन ने आशंका जताई है कि भोजन में किसी तरह का जहरीला पदार्थ गिरने से बच्चियों की तबीयत बिगड़ी है। परिजनों को जैसे ही सूचना मिली, वे तत्काल एमजीएम अस्पताल के लिए रवाना हो गए।

घटना के बाद विद्यालय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुट गया है। फिलहाल छात्राओं की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Share This Article