पटमदा में महाजन सम्मेलन की तैयारी को लेकर प्रेस वार्ता, दलमा में ईको टूरिज्म पर उठे सवाल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पटमदा में महाजन सम्मेलन की तैयारी को लेकर प्रेस वार्ता, दलमा में ईको टूरिज्म पर उठे सवाल

पटमदा, 18 फरवरी : पटमदा के दलमा तराई क्षेत्र स्थित निताई सिंह भवन में प्रस्तावित महाजन सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बुधवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। आयोजकों ने सम्मेलन की रूपरेखा साझा करते हुए सामाजिक एकता, संगठन सुदृढ़ीकरण और क्षेत्रीय मुद्दों को सामूहिक रूप से उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

वक्ताओं ने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य दलमा क्षेत्र के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक रणनीति बनाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलमा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में ईको टूरिज्म परियोजनाओं के नाम पर स्थानीय ग्राम सभाओं की सहमति और भागीदारी की अनदेखी की जा रही है।

 

उन्होंने संविधान एवं पंचायत (अनुसूचित क्षेत्र विस्तार) अधिनियम (पेसा) के तहत ग्राम सभा को प्राप्त अधिकारों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी विकास योजना से पहले ग्राम सभा की अनुमति अनिवार्य है। जल-जंगल-जमीन पर पहला अधिकार स्थानीय समुदायों का बताते हुए चेतावनी दी गई कि अधिकारों की अनदेखी होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

 

आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है और युवाओं, महिलाओं तथा बुद्धिजीवियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।

 

प्रेस वार्ता में भक्तों रंजन भूमिज, रमानाथ सिंह सरदार, लुघु सिंह सरदार, सुषेण सिंह सरदार, शत्रुघ्न सिंह सरदार, कालीचरण सिंह सरदार, दिलीप सिंह सरदार, सुकलाल पहाड़िया, राधेश्याम सिंह भूमिज एवं अमर सिंह सरदार सहित अन्य लोग उपस्थित थे। सभी ने सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया।

Share This Article