अपहृत कैरव गांधी व दिवंगत तारापद महतो के परिजनों से मिले सुदेश महतो, राज्य की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अपहृत कैरव गांधी व दिवंगत तारापद महतो के परिजनों से मिले सुदेश महतो, राज्य की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

जमशेदपुर, 18 जनवरी : पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध व्यवसायी देवांग गांधी के आवास जाकर उनसे मुलाकात किया। इस दौरान उनके अपहृत पुत्र कैरव गांधी के संबंध में बात की और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सुदेश महतो लगभग 40 मिनट तक उनके आवास पर रहे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, महासचिव हरेलाल महतो, नंदू पटेल, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

इसके पश्चात सुदेश महतो गालूडीह पहुंचे, जहां उन्होंने हत्याकांड के शिकार तारापद महतो की उपमुखिया पत्नी आशारानी महतो एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

परिजनों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में सुदेश महतो ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब राज्य में आम लोग और व्यवसायी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरे का क्या औचित्य रह जाता है। यदि कानून-व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी, तो लंदन और दावोस जैसे मंचों पर निवेश की बातें करना व्यर्थ साबित होगा।

झारखंड में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से व्यवसायी वर्ग और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। ऐसे माहौल में कोई भी निवेशक राज्य में निवेश के लिए आगे नहीं आएगा।
सुदेश महतो ने कहा कि अपराध पर नियंत्रण पाना पुलिस प्रशासन की जिम्मेवारी है और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि जनता का भरोसा बहाल हो सके।

Share This Article