उरमाल में तीन दिवसीय भीम मुखिया मेला का भव्य शुभारंभ, कुंदन कुमार ने मचाया धूम

चांडिल, 22 जनवरी : चांडिल प्रखंड के उरमाल में एनएच 33 के किनारे आयोजित तीन दिवसीय पंचायत स्तरीय भीम मुखिया मेला का विधिवत उद्घाटन गुरुवार को पांच ग्राम प्रधानों के कर-कमलों द्वारा किया गया। पंचायत स्तरीय मेला समिति उरमाल (भीम मुखिया मेला) के तत्वावधान में आयोजित मेला के उद्घाटन के अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, मेला समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
मेला के पहले दिन गुरुवार को चौड़ल पदर्शनी सह पारंपरिक नाच और प्रसिद्ध कलाकार कुंदन कुमार नाइट की प्रस्तुति दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रही। पहले दिन करीब आधा दर्जन चौड़ल मेला में शामिल हुए। चौड़ल के साथ शामिल महिलाएं पारंपरिक नाच करते हुए उत्सव के रंग में रमे रहे। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर थिरकती महिलाएं टुसू परब की परंपरा को जीवंत कर रही थी। वहीं तीन दिवसीय मेला के पहले दिन स्थानीय कलाकार कुंदन कुमार के गीत और डांस ने उपस्थित दर्जकों को थिरकने पर मजबूर किया।
तीन दिवसीय मेला के दूसरे दिन शुक्रवार 23 जनवरी को आरके डांस ग्रुप, जमशेदपुर द्वारा बुगी-बुगी डांस धमाका प्रस्तुत किया जाएगा, जो खासकर युवाओं के बीच उत्साह भरने वाला रहेगा। वहीं 24 जनवरी शनिवार को यासिन मस्ताना म्यूजिकल ग्रुप, रांची द्वारा रंगारंग आरकेस्ट्रा कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर गायक नितेश कच्छप, पवन रॉय, यासीन मस्ताना एवं चिंता देवी, सुमन गुप्ता, राजेश और वर्षा अपनी सुमधुर गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
मेला समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पारंपरिक एवं सांस्कृतिक मेले का आनंद लें तथा आयोजन को सफल बनाएं। मेला समिति द्वारा सभी दर्शकों एवं क्षेत्रवासियों को इस पारंपरिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने हेतु हार्दिक आमंत्रण दिया गया है। समिति के अनुसार मेला परिसर में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, स्वच्छता एवं दर्शकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। मेला को लेकर चौका थाना की पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किया है।



