वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के सुचारु संचालन को लेकर हुई समीक्षा बैठक

सरायकेला, 22 जनवरी : समाहरणालय सभागार, सरायकेला में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के सुचारु, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा परीक्षा से संबंधित अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की गई।
बताया गया कि जिले में माध्यमिक परीक्षा हेतु 42 परीक्षा केंद्रों पर कुल 11,709 परीक्षार्थी तथा इंटरमीडिएट परीक्षा हेतु 30 परीक्षा केंद्रों पर 9,178 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड द्वारा निर्धारित तिथि, समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, समयपालन, केंद्र संचालन, परीक्षार्थियों की सुविधा, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता तथा आपातकालीन प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से जुड़ी सभी गतिविधियों का संचालन आपसी समन्वय, सतर्कता एवं पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ किया जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अव्यवस्था अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास राय, जिला कोषागार पदाधिकारी अपर्णा सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



