सिनी गुरुकुल में चालक परामर्श कार्यक्रम आयोजित

सरायकेला, 22 जनवरी : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित वाहन संचालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को ट्रेनिंग स्कूल सिनी गुरुकुल में चालक परामर्श (ड्राइवर काउंसलिंग) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में 70 प्रशिक्षु चालकों ने भाग लिया। इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी एवं सड़क सुरक्षा टीम द्वारा यातायात नियमों के पालन, रक्षात्मक ड्राइविंग, वाहन की नियमित फिटनेस जांच, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशामुक्त वाहन संचालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग सहित सड़क सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दी गईं।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक दायित्व है। उन्होंने प्रशिक्षु चालकों से प्रशिक्षण के बाद नियमों का सख्ती से पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाने की अपील की।



