आदित्यपुर थाना में पत्रकारों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाने की मांग
आदित्यपुर, 18 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना परिसर में गुरुवार को बड़ी संख्या में पत्रकारों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के बैनर तले आयोजित इस शांतिपूर्ण धरना को जमशेदपुर और चाईबासा के पत्रकारों का भी समर्थन प्राप्त हुआ है। पत्रकारों ने हाल ही में पत्रकार सुनील कुमार गुप्ता पर हुए हमले के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।
जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मोतीनगर निवासी पत्रकार सुनील कुमार गुप्ता के साथ कुछ दिनों पूर्व असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई थी। घटना के बाद जिले भर के पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पत्रकार लगातार दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, लेकिन घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं किए जाने से नाराज पत्रकारों ने धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाया है।
धरना को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने कहा कि किसी पत्रकार पर जानलेवा हमला केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि घटना से संबंधित सभी आवश्यक साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए हैं और वरीय अधिकारियों को भी पूरे मामले की जानकारी दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित पत्रकार को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि उनका धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन न्याय मिलने तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
धरना स्थल पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए पत्रकार सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान थाना परिसर में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।