बासाहातु में मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा का होगा अनावरण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बासाहातु में मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा का होगा अनावरण

 

ईचागढ़, 02 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत देवलटांड पंचायत के बासाहातु गांव मे 03 जनवरी शनिवार को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जयंती मनाई जाएगी। जयंती कार्यक्रम के दौरान यहां नव-निर्मित प्रतिमा का भव्य अनावरण एवं चबूतरा निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा समिति, बासाहातु की ओर से आयोजित कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे पूजा-पाठ के साथ होगी, जिसमें विधिवत रूप से मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा, माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति में प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

आयोजन के दूसरे चरण में प्रातः 11:30 बजे से शाम 4 बजे तक अतिथियों का स्वागत, प्रसाद वितरण, भाषण कार्यक्रम, आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा समिति, बासाहात द्वारा क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है। समिति के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन आदिवासी समाज के महान नायक को सम्मान देने और उनकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Share This Article