जेल भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटन की मांग, बार एसोसिएशन ने दिया आवेदन

चांडिल, 02 जनवरी : अनुमंडल बार एसोसिएशन, चांडिल की ओर से शुक्रवार को अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जेल भवन निर्माण कार्य हेतु भूमि आवंटन की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपा। इस संबंध में कार्यपालक अभियंता, स्वर्णरेखा बांध प्रमंडल संख्या–2, चांडिल, अंचल अधिकारी, चांडिल तथा जिला के उपायुक्त को ज्ञापन देकर उनका ध्यान आकृष्ट कराया गया।
बार एसोसिएशन ने अपने आवेदन में उल्लेख किया कि 31 अगस्त 2003 को चांडिल को अनुमंडल का दर्जा प्राप्त हुआ था तथा 23 जुलाई 2022 से यहां सिविल न्यायालय का विधिवत संचालन प्रारंभ हुआ है। सिविल न्यायालय के कार्यारंभ के बाद आम जनता को न्यायिक प्रक्रिया में काफी सुविधा मिली है, लेकिन जेल भवन के अभाव में न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।
अधिवक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र जेल भवन निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि आवंटित करने की मांग की, ताकि न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके और आम नागरिकों को सुचारु व त्वरित न्याय मिल सके।
इस अवसर पर अधिवक्ता महेंद्र कुमार महतो, विमल मंडल, विश्वनाथ कालिंदी एवं शिवेश्वर महतो सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे।



