कड़ाके की ठंड के मद्देनजर जरूरतमंदों के बीच श्री राम सनातन समिति ने किया कंबल वितरण

चांडिल, 02 जनवरी : कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए श्रीराम सनातन समिति, चांडिल की ओर से चांडिल प्रखंड अंतर्गत धुनाबुरु पंचायत के गूगूकोचा गांव में शुक्रवार को जरूरतमंद एवं बेसहारा लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भीषण ठंड से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना था। अभियान के तहत जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में निवास करने वाली आदिम जनजाति बस्तियों के असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए। इस सेवा अभियान का आयोजन श्रीराम सनातन समिति चांडिल के अध्यक्ष आकाश महतो के मार्गदर्शन में तथा समाजसेवी उमा शंकर महतो एवं नवीन दास के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर युवा नेता आकाश महतो ने कहा कि कड़ाके की ठंड में समाज के कमजोर और वंचित वर्ग की सहायता करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। यह कार्यक्रम केवल कंबल वितरण नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण पीड़ित न हो।
कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों ने जरूरतमंदों से संवाद कर उनका हालचाल जाना। स्थानीय ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने इस मानवीय पहल के लिए श्रीराम सनातन समिति चांडिल की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में श्रीराम सनातन समिति चांडिल के सरोज महतो, चामू पहाड़िया, पुरू पहाड़िया, दिसम पहाड़िया, अजय महतो सहित दर्जनों ग्रामीण सदस्य उपस्थित थे।



